Social

लिखमां दे – LikhmaDe – Great Rajput Women

लिखमां दे जैसलमेर के कलिकर्ण भाटी की पुत्री और हरभू सांखला की दोहिती थीं। लिखमां का जन्म उनके ननिहाल बैहंगटी में हुआ। मूल नक्षत्र में जन्म होने के कारण लिखमां का परित्याग कर दिया गया। संयोगवश हरभू सांखला, जो फलौदी गया हुआ था, वापस अपने गाँव लौट रहा था। उसने सुनसान जंगल में एक बच्ची के रोने की आवाज सुनी। पास जाकर देखा तो एक कन्या रो रही थी। वह उसे घर उठा लाया। घरवालों ने उस परित्यक्त कन्या को पहचान लिया और हरभू से कहा कि इसे तो जंगल में छोड़ दिया था, वापस उठाकर क्यों लाए? यह बुरे नक्षत्र में पैदा हुई है।

हरभू ने कहा, “कोई चिंता की बात नहीं है। यह मूल नक्षत्र में भले ही पैदा हुई हो, लेकिन आगे चलकर ससुराल और पीहर दोनों कुलों का मान बढ़ाने वाली भाग्यशाली होगी।” हरभू सांखला स्वयं बहुत बड़े शकुनि (भविष्यवक्ता) थे। उनकी गणना राजस्थान के प्रमुख लोकदेवताओं में होती है। हरभू की बात परिवार वालों ने मान ली। उसी रात हरभू सांखला के घर पुत्री का जन्म हुआ। दोनों मौसी-भांजी समान लाड़-प्यार में पली-बढ़ीं।

विवाह योग्य होने पर हरभू ने लिखमां दे का संबंध पोकरण के शासक खींवसी से करने हेतु ब्राह्मण के साथ नारियल भेजा। खींवसी ने दुल्हन के बड़े दाँत बताकर इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया, पर कहा कि यदि हरभूजी अपनी पुत्री की शादी करें तो उसका विवाह किया जा सकता है। ब्राह्मण ने आकर हरभू सांखला को यह बात बताई। हरभू यह सुनकर बहुत दुखी हुआ। उसने सोचा कि जिसकी पुत्री पैदा होती है, उसका जन्म बेकार हो जाता है।

हरभू ने खींवसी की इच्छानुसार अपनी पुत्री का विवाह उससे कर दिया और इस प्रकार लिखमां दे कुँवारी रह गईं। जगह-जगह उसके संबंध (सगाई) का प्रयास किया गया, पर उससे कोई विवाह करने को राजी ही नहीं था। खींवसी पोकरण द्वारा उसकी निंदा करने के कारण सभी जगह से उसके नारियल वापस लौटकर आते।

संयोग की बात है कि राव सातल, जो जोधपुर का शासक था, उसका छोटा भाई सूजा शिकार खेलता हुआ बैहंगटी आया। उस समय हरभू सांखला ने अपनी दोहिती लिखमां दे का विवाह सूजा से कर दिया। राव सातल के कोई पुत्र न होने के कारण उसकी मृत्यु के पश्चात सूजा जोधपुर का शासक बना और लिखमां दे पटरानी बनीं। लिखमां दे के बाघा और नरा नामक दो वीर पुत्र हुए। बाघा बगड़ी में और नरा फलौदी में रहता था। नरा के पास ही उसकी माँ लिखमां दे रहती थीं।

बरसात के दिन थे। एक दिन शाम को नरा अपनी माँ के पास बैठकर भोजन कर रहा था। उसी समय उसके नौकर ने आकाश में उमड़ते बादलों की घटा की ओर देखते हुए कहा, “आज तो पोकरण पर बिजली चमक रही है।”

यह सुनकर लिखमां दे ने निःश्वास छोड़ा तो नरा ने कहा, “माँ! तेरे नरा और बाघा जैसे पुत्र और जोधपुर के राव सूजा जैसे पति हैं, फिर क्या दुख है? यह निःश्वास क्यों छोड़ा? मुझे अपने मन की पीड़ा शीघ्र बताओ।”

पहले तो लिखमां दे ने बात टालने की कोशिश की, पर नरा के आग्रह करने पर उन्होंने बताया, “बेटे! तुम्हें पता नहीं, पोकरण वालों ने मेरी निंदा की थी। शादी के बाद ही किसी दुल्हन को अमान्य किया जाता है, परंतु खींवसी ने जब मैं कुँवारी थी, उसी समय मुझे अमान्य कर मेरी बेइज्जती की। मुझे बदसूरत और बड़े दाँतों वाली बताकर मेरी हँसी उड़ाई। अकारण ही उसकी वजह से मुझे बहुत दिनों तक दुख और क्लेश उठाना पड़ा। मेरी अपकीर्ति हुई। इसीलिए पोकरण का नाम आते ही मेरे हृदय में क्रोधाग्नि भड़क उठती है। अपना अपमान करने वाले को मैं दंडित नहीं कर सकी, इस बात का मुझे बड़ा दुःख है।”

अपनी माँ की यह दर्दभरी दास्तान सुनकर नरा ने कहा, “माँ! तुम चिंता मत करो। इतने दिन पहले तुमने यह बात क्यों नहीं बताई? तुम्हारे अपमानकर्ता को कभी का दंड दे चुके होते।”

नरा ने अपनी माँ का अपमान करने वाले पोकरण के खींवसी पर आक्रमण कर उससे पोकरण का राज्य छीन लिया। खींवसी को परिवार सहित पोकरण छोड़ने पर मजबूर किया। नारी का अपमान करने वाले खींवसी को राज्यच्युत कर स्वाभिमानी और साहसी महिला लिखमां दे ने प्रतिशोध (बदला) लिया।

Recent Posts

भारतीय इतिहास – ऐतिहासिक कालखंड – Chronology of India

भारतीय इतिहास को निम्न काल खंडों में बांटा गया है। प्रागैतिहासिक कालआद्य-ऐतिहासिक कालऐतिहासिक काल प्रागैतिहासिक…

38 minutes ago

गंगा (Ganga)– सिर्फ़ नदी नहीं, आस्था, शुद्धता और मोक्ष की धारा

हिंदू धर्म में गंगा नदी को केवल जलधारा नहीं, बल्कि देवी स्वरूप ‘मां गंगा’ के…

4 weeks ago

इतिहास का सच: अकबर की क्रूरता बनाम महाराणा प्रताप का स्वाभिमान

आज़ादी के बाद का इतिहास और असली महानायक आज़ादी के बाद भारत पर लंबे समय…

4 weeks ago

राजकुमारी लालां मेवाड़ी – Lala Mewari – Great Rajput Women

मेवाड़ के महाराणा मोकल की राजकुमारी लालां स्वाभिमानी और बहुत ही महत्वाकांक्षी नारी थी। उसका…

4 weeks ago

रानी सारन्धा का इतिहास: बुंदेलखंड की स्वाभिमानी वीरांगना और महाराजा छत्रसाल की माता

सारन्धा ओरछा (बुन्देल खण्ड) नरेश चम्पतराय की पत्नी थी। सारन्धा बड़ी स्वाभिमानी, उदार, शरणागतवत्सल व…

4 weeks ago

विद्युल्लता – चित्तौड़ की वीरबाला की अमर कहानी

विद्युल्लता चित्तौड़ के एक वीर राजपूत सैनिक की कन्या थी। चित्तौड़ के ही समरसिंह नामक…

4 weeks ago